सागर, जीशान खान। भाजपा की संभागीय बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को पूरे साल सक्रिय रखने पर जोर दिया। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी की ‘संचित शक्ति’ बताते हुए उनके अनुभव और परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। बूथों पर पन्ना प्रमुखों की व्यवस्था मजबूत करने, घर-घर संवाद और लाभार्थियों से निरंतर संपर्क को संगठन की नियमित गतिविधि बनाने पर जोर दिया गया। जिन जिलों में मंडल, शक्ति केंद्र या अन्य संगठनात्मक रचनाएं अधूरी हैं, उन्हें 30 सितंबर तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई। बैठक में युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा जल संरक्षण, पर्यावरण, सामाजिक समरसता और स्वदेशी जैसे विषयों पर सामाजिक गतिविधियां बढ़ाने की बात भी कही गई।


बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे सहित संभाग के जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों की संगठनात्मक गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। अजय जामवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल चुनावी समय की सक्रियता से नहीं, बल्कि नियमित बैठकों, संवाद और बूथ स्तर पर निरंतर संपर्क से होती है। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को पार्टी के कार्यक्रमों से जोड़ने तथा नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और योगदान से परिचित कराने पर भी जोर दिया।


बैठक के बाद भाजपा नेताओं ने सागर नगर मंडल के बूथ क्रमांक 163 का दौरा कर बूथ समिति और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान लोकतंत्र सेनानियों एवं वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया। बैठक में सागर, सागर ग्रामीण, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना और निवाड़ी जिलों के अध्यक्षों सहित पार्टी के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।