छतरपुर, विनोद मिश्रा । छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र में रहकर भैंसों की खरीद-फरोख्त का व्यवसाय करने वाले एक 37 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त सलामत खान (37 वर्ष), निवासी ग्राम गोहोनिया, थाना घूरपुर, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रात में सोते समय युवक की गर्दन पर किसी जहरीले सर्प ने डस लिया था, जिसके बाद बिगड़ी हालत के चलते उसने छतरपुर जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।


नींद में गर्दन पर डसा, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलामत खान अपने अन्य व्यापारी साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से आकर गुलगंज क्षेत्र में रुका हुआ था और स्थानीय बाजारों में भैंस बेचने का काम कर रहा था। बीती रात जब वह अपने साथियों के साथ सो रहा था, तभी किसी जहरीले सर्प या विषैले जीव ने उसकी गर्दन पर काट लिया। कुछ ही देर में सलामत की तबीयत बिगड़ने लगी और शरीर में विष का असर फैलने लगा। घबराए साथी और परिजन उसे आनन-फानन में छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद स्थिति गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


यह भी पढि़ए: जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश के दौरान ग्रामीण की संदिग्ध मौत:परिजनों का पुलिस पर बर्बर पिटाई का आरोप, चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच


परिजनों ने जताया था हार्ट अटैक का अंदेशा, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शुरुआती तौर पर आशंका जताई कि युवक की जान संभवतः दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से गई है और उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से मना करते हुए शव को सीधे घर ले जाने की बात कही। मामले की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल पुलिस चौकी और गुलगंज थाना पुलिस ने स्थिति में हस्तक्षेप किया। मौत के कारणों में सर्पदंश और हार्ट अटैक के संशय को देखते हुए पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और वैधानिक प्रक्रिया का हवाला देकर समझाया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराया और बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।


पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की असल वजह

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक तौर पर मामला जहरीले कीड़े या सांप के डसने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक और स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व बिसरा जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। रिपोर्ट आने के उपरांत नियमानुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।