भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित भेल (BHEL) दशहरा मैदान में आयोजित भव्य राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा' का शुभारंभ किया। करीब दो दशक बाद व्यवस्थित यात्री परिवहन की बहाली करते हुए पहले चरण में 351 आधुनिक बसों (120 इंटरसिटी और 231 इंट्रासिटी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर आधारित इस योजना के तहत वर्ष 2031 तक पूरे प्रदेश में लगभग 15,000 बसें चलाने और 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को सुगम व सुरक्षित परिवहन से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। ITMS ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरों और पैनिक बटन से लैस ये बसें आम यात्रियों को किफायती व सुरक्षित यात्रा का नया विकल्प देंगी।











