मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश सरकार जहां स्मार्ट मीटर को बिजली व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, वहीं मंदसौर में यही स्मार्ट मीटर अब लोगों के विरोध का कारण बनते जा रहे हैं। शहर के टिकरिया अभिनंदन क्षेत्र में अधिक बिजली बिल आने का आरोप लगाते हुए रहवासियों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।


विरोध के दौरान कई रहवासियों ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर स्वयं हटाने शुरू कर दिए। इसकी सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान महिलाओं ने विद्युत विभाग के अधिकारी अनिल पाटीदार का घेराव कर जमकर विरोध दर्ज कराया और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर नाराजगी व्यक्त की। काफी देर तक मौके पर बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही।


विद्युत विभाग के अधिकारियों ने लोगों को समझाने और उनकी शिकायतों का समाधान करने का प्रयास किया। हालांकि रहवासियों का कहना है कि जब तक बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्मार्ट मीटर के खिलाफ आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल विभाग लोगों की शिकायतों की जांच और समाधान की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।