पौड़ी। पौड़ी गढ़वाल नगर पालिका की अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा है कि सांसद अनिल बलूनी की पहल पर पौड़ी में मिनी स्टेडियम के निर्माण की उम्मीद जगी है।

हिमानी नेगी ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में कहा, "नगर पालिका प्रशासन एक बहुत छोटी इकाई है। अगर हम चाहें भी तो इतना बड़ा जो हमारा यह ग्राउंड है, इसके लिए बहुत कुछ नहीं कर सकते। हमारे पास ज्यादा वित्त नहीं होता है। सांसद अनिल बलूनी यहां आए थे। उनसे बात हुई है। उन्होंने मुझे और जिलाधिकारी को डीपीआर बनवाने का निर्देश दिया है। इसके माध्यम से वह जानना चाहते हैं कि यहां किस तरह मिनी स्टेडियम बनाया जा सकता है और उसमें कितना खर्च आएगा।"

नेगी ने कहा, "अनिल बलूनी ने डीपीआर की मांग की है, ताकि उस पर काम करवा सकें। डीपीआर बन रही है। तैयार होने के साथ ही हम उसे सांसद के पास पहुंचाएंगे। हम आशा करते हैं कि कुछ समय बाद यहां मिनी स्टेडियम देखने को मिलेगा।"

उन्होंने कहा, "हमने कोशिश की थी कि किसी तरह से यहां घास भी लगाई जाए, क्योंकि बच्चे जब खेलते हैं, तो बहुत धूल होती है। लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। मौसम इस तरह का था, यहां ठंड ज्यादा पड़ती है, इसलिए घास नहीं उग पाती। वह टर्फ की बात कर रहे हैं कि जो वैसी टर्फ होती है, ऐसी ड्राई टर्फ होती है। उस तरह से लगाकर इसका स्वरूप थोड़ा-सा बदला जाए। आशा है कि बहुत अच्छा मिनी स्टेडियम तैयार होगा। आने वाला समय प्रदेश में, विशेषकर फुटबॉल के खिलाड़ियों के लिए, बेहतर होगा।"

पौड़ी में मिनी स्टेडियम का निर्माण हो जाने से निश्चित रूप से स्थानीय खिलाड़ियों को फायदा होगा और वे एक बेहतर जगह पर अपने खेल का विकास कर पाएंगे। पौड़ी में खेल के विकास के दृष्टिकोण से भी मिनी स्टेडियम का निर्माण अहम होगा।