सतना, अंबिका केसरी। जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनौर मोड़ के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस सोनौर मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



