इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर में लंबे समय से रह रहे पाकिस्तानी नागरिक नानकराम डेमला के पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक तंत्र द्वारा नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने नानकराम को लॉन्ग टर्म वीजा और पासपोर्ट के नवीनीकरण के लिए औपचारिक नोटिस जारी किया है।

वर्ष 2025 में भारत आया था नानकराम, केंद्रीय गृह मंत्रालय से मांगा गया मार्गदर्शन

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नानकराम डेमला वर्ष 2025 में पाकिस्तान से इंदौर आया था। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) और इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य विस्तृत पत्राचार किया गया। मामले की संवेदनशीलता और नियमों की स्पष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश मांगे गए थे। गृह मंत्रालय से मिले निर्देशों के आधार पर ही इमीग्रेशन और विदेशी नागरिकों से संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

सोशल मीडिया पर चल रही खबरें भ्रामक, पुलिस ने खंडन जारी कर स्थिति साफ की

मामले को लेकर सोशल मीडिया और कुछ असत्यापित समाचार माध्यमों पर तरह-तरह की खबरें प्रसारित की जा रही थीं। इंदौर पुलिस ने इन सभी खबरों का खंडन करते हुए इन्हें पूरी तरह भ्रामक करार दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विदेशी नागरिक से जुड़ी यह कार्रवाई पूरी तरह से आधिकारिक और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। विदेशी नागरिकों के भारत में प्रवास एवं पासपोर्ट-वीजा नियमों का पूरी सख्ती से पालन कराया जा रहा है।