नई दिल्ली। पाकिस्तान ने गुरुवार को एक बार फिर अफगानिस्तान के 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसकी तस्दीक खुद सूचना मंत्री अताउल्लाह तराड़ ने की। उन्होंने इसे ड्रोन हमलों का जवाब करार दिया। इस हमले के बाद अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान की आलोचना की। दो टूक कहा कि इस आक्रामक नीति के खिलाफ सभी अफगानी एकजुट हैं।

उन्होंने एक्स पोस्ट पर लिखा, "पाकिस्तान ने एक बार फिर हमारे प्यारे देश के कंधार, खोस्त और पक्तिया में बमबारी की। ऐसा लगता है कि इस्लामाबाद अपनी उस नकारात्मक नीति को छोड़ने के मूड में नहीं है, जिसकी आग अब खुद उसके दरवाजे तक पहुंच चुकी है। पाकिस्तान को यह समझना चाहिए कि सभी अफगान, बिना किसी भेदभाव के, पाकिस्तान की इन आक्रामक हरकतों के खिलाफ एकजुट और दृढ़ता से खड़े हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं एक बार फिर पाकिस्तान सरकार से अपील करता हूं कि वह अफगानिस्तान के साथ अच्छे पड़ोसी वाले रिश्ते का रास्ता चुने और हमारे साथ अपने संबंधों को सभ्य बनाए।"

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तराड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आत्मरक्षा के अपने संप्रभु अधिकार का इस्तेमाल करते हुए, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में उन 10 ठिकानों पर सटीक हवाई और ड्रोन हमले किए, जिनका इस्तेमाल इन ड्रोनों को लॉन्च करने और स्टोर करने के लिए किया जा रहा था।"

उन्होंने आगे कहा कि ये हमले "सोचे-समझे, सटीक, नपे-तुले और जरूरत के हिसाब से किए गए थे, और ये पूरी तरह से उन पहचाने गए सैन्य ठिकानों तक ही सीमित थे जिनका सीधा संबंध पाकिस्तान पर हमले की कोशिशों से था।"

बता दें कि बुधवार को पाकिस्तान ने कहा था कि 8 इलाकों में अफगानिस्तान की ओर से ड्रोन स्ट्राइक की कोशिश की गई थी जिसे उन्होंने नाकाम कर दिया था।

इससे तीन दिन पहले यानी सोमवार को भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के दो इलाकों पर हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने दावा किया था कि इसमें 28 आतंकी मारे गए थे। वहीं, अफगान अधिकारियों ने कहा था कि हमले में 3 नागरिकों की मौत हुई थी और 4 घायल हुए थे।