छतरपुर, संदीप यादव। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को छतरपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालते हुए नारेबाजी के साथ छत्रसाल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि छात्र हितों की अनदेखी किए जाने के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है।
एनएसयूआई पदाधिकारियों ने बताया कि छात्र-युवा वर्ग की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आंदोलन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने यह भी जानकारी दी कि आगामी दिनों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में एक बड़ा छात्र आंदोलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल होंगे।




