मुंबई। अभिनेता अल्लारी नरेश की बहुप्रतीक्षित तेलुगु एक्शन-क्राइम थ्रिलर फिल्म 'अल्कोहल' सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। गुरुवार को मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की है।

मेकर्स ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का पोस्टर शेयर कर लिखा, "पागलपन की उल्टी गिनती शुरू। फिल्म 'अल्कोहल' 18 दिसंबर को ग्रैंड वर्ल्डवाइड रिलीज के लिए तैयार है! एक वाइल्ड राइड के लिए तैयार हो जाइए।" मेहर तेज द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म मानवीय व्यवहार, अपराध और व्यक्तिगत फैसलों के परिणामों पर केंद्रित एक डार्क थ्रिलर है।

फिल्म की कहानी एक ऐसे अमीर और सफल व्यवसायी (अल्लारी नरेश) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खुद शराब से बिल्कुल दूर रहता है। नशे से दूर रहने के बावजूद वह व्यक्ति जुनून और नैतिक पतन के ऐसे अंधेरे रास्ते पर निकल पड़ता है कि उसके अपराध शराब के नशे को भी मामूली साबित कर देते हैं। अपनी कॉमेडी छवि से हटकर अल्लारी नरेश इस फिल्म में एक बेहद स्टाइलिश, गंभीर और जटिल किरदार में नजर आएंगे।

फिल्म में अल्लारी नरेश के साथ रूहानी शर्मा और सोशल मीडिया स्टार निहारिका एनएम मुख्य भूमिकाओं में हैं। दोनों के अलावा, इस फिल्म में सत्य, गिरीश कुलकर्णी, हर्षवर्धन, चैतन्य कृष्णा, रवींद्र विजय और रघु बाबू जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं।

फिल्म को सूर्यदेवरा नागा वंशी और साई सौजन्या ने सीतारा एंटरटेनमेंट्स और फॉर्च्यून फोर सिनेमाज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है और इसे श्रीकारा स्टूडियोज पेश कर रहा है।

टेक्निकल टीम की बात करें तो फिल्म में म्यूजिक मशहूर तमिल म्यूजिक कंपोजर घिबरान ने दिया है। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर चैतन भारद्वाज ने दिया है और सिनेमैटोग्राफी जीजू सनी ने की है। फिल्म की एडिटिंग निरंजन देवरामाने ने संभाली है। शुरुआत में इस फिल्म को जनवरी 2026 में रिलीज करने की योजना थी लेकिन कुछ देरी के बाद निर्माताओं ने अब 18 दिसंबर 2026 की तारीख पक्की की है। अब देखना होगा कि फिल्म दर्शकों को कितनी पसंद आती है।