छतरपुर, संदीप यादव: ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम देरी में घर के बाहर लगी तुरैया तोड़ने की बात पर पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों ने छत से जमकर पत्थर बरसा दिए। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बहन को मामूली चोटें आई हैं। घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम देरी निवासी अखिलेश अहिरवार के घर के बाहर तुरैया की बेल लगी हुई है। पड़ोसियों द्वारा तुरैया तोड़ी जा रही थी, जिसका अखिलेश की बहन सीता अहिरवार ने विरोध किया और ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और पड़ोसियों ने अपने मकान की छत पर चढ़कर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव की इस घटना में अखिलेश अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं उनकी बहन सीता को भी चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों द्वारा घायल अखिलेश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित पक्ष ने ओरछा रोड थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

















