छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नौगांव नगर पालिका से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। कर्मचारियों के मामले में अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौगांव नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) आर.एस. अवस्थी को जांच पूरी होने तक छतरपुर कलेक्ट्रेट (जिला शहरी विकास अभिकरण) में अटैच कर दिया है।
यह कार्रवाई एसडीएम नौगांव के प्रतिवेदन में दर्ज तथ्यों की जांच लंबित रहने के कारण की गई है। जब तक कर्मचारियों के इस मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक आर.एस. अवस्थी जिला मुख्यालय में संलग्न रहेंगे।
बसंत चतुर्वेदी को सौंपा गया प्रभार
नौगांव नगर पालिका का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए खजुराहो नगर परिषद के सीएमओ बसंत चतुर्वेदी को अपने कार्य के साथ-साथ नौगांव नगर पालिका सीएमओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अपर कलेक्टर द्वारा जारी किया गया यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।




