छतरपुर/बमीठा, अशोक नामदेव। नेशनल हाईवे-39 पर बमीठा थाना क्षेत्र के पहाड़ी हीराजू के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सतना से सीमेंट लेकर टीकमगढ़ जा रहा तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक आनंद यादव को वाहन चलाते समय नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे में हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में चालक आनंद यादव और हेल्पर प्रकाश पाल निवासी हंसोरा, जिला टीकमगढ़ सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेल्पर प्रकाश पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और वाहन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई के भूपेंद्र दुबे के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि यह हादसा रात करीब 2 बजे हुआ।
सूचना मिलने पर बमीठा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक हेल्पर के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




