मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के गरोठ में बैंक ऑफ इंडिया के ATM को गैस कटर से काटकर करीब 6 लाख रुपए की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गरोठ पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ATM से चोरी किया गया पूरा करीब 6 लाख रुपए का कैश भी बरामद कर लिया है।
दरअसल, 28 और 29 अगस्त की दरमियानी रात बदमाशों ने गरोठ स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ATM को निशाना बनाया था। आरोपी गैस कटर लेकर ATM बूथ में पहुंचे और मशीन को काटकर उसमें रखा करीब 6 लाख रुपए का कैश निकालकर फरार हो गए थे। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गरोठ SDOP के नेतृत्व में गरोठ, भानपुरा और शामगढ़ थाना पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ-साथ वारदात से जुड़े अन्य सुरागों को खंगाला। जांच में मिले अहम इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों ने राजस्थान, उत्तरप्रदेश और हरियाणा में आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का मास्टरमाइंड भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह पिछले करीब 5 वर्षों से गैस कटर की मदद से ATM चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के लिए इस कार्रवाई की सबसे बड़ी सफलता ATM से चोरी किए गए पूरे करीब 6 लाख रुपए की बरामदगी रही। पूछताछ में गिरोह के अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग भी मिले हैं।
गरोठ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामस्नेही मिश्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान पुलिस गिरोह द्वारा अब तक की गई ATM चोरी की वारदातों और नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाएगी।




