भोपाल, जीतेन्द्र यादव। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी ने बताया कि युवा कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी अभियान ‘मेरा शहर, मेरा भाव’ की शुरुआत की है। अभियान के तहत भोपाल शहर के स्थानीय और बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। वार्ड स्तर की समस्याओं के साथ भोपाल के मास्टर प्लान और स्मार्ट सिटी से जुड़े सवालों को जनता और प्रशासन के सामने मजबूती से रखने की रणनीति तैयार की गई है।


कुणाल चौधरी ने प्रदेश सरकार पर किसानों की उपेक्षा और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में किसान बेहद परेशान हैं, जबकि सरकार उत्सव और तमाशों में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद किसानों को मंडियों में अपनी उपज बेचने के लिए पांच से सात दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।


उन्होंने आरोप लगाया कि मूंग उत्पादक किसान फसल औने-पौने दामों में बेचने को मजबूर हैं, जबकि मक्का किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से करीब आधी कीमत मिल रही है। वहीं केले की खेती करने वाले किसानों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चौधरी ने कहा कि युवा कांग्रेस ‘मेरा शहर, मेरा भाव’ अभियान के जरिए जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।