भोपाल। मध्य प्रदेश में दिवाली से ठीक पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम केंद्र (IMD) भोपाल के अनुसार, अगले 3 दिनों तक तो प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन 28 अक्टूबर से प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश, बादलों की आवाजाही और गरज-चमक की गतिविधियां शुरू होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इसी के साथ प्रदेश में रात का तापमान गिरने से गुलाबी ठंड का अहसास भी तेज हो गया है।
28 अक्टूबर से क्यों बदलेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर वर्तमान में एक कम दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) सक्रिय है। आने वाले दिनों में इसके और अधिक तीव्र होकर 'डिप डिप्रेशन' (Deep Depression) में बदलने की संभावना है। इस नए वेदर सिस्टम के असर से 28 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी-पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होगा।
भारी बारिश और गरज-चमक वाले जिले (28 अक्टूबर का पूर्वानुमान)
शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग के जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और दिन में खिली धूप निकलेगी।
रात में बढ़ी सर्दी: कटनी का करौंदी रहा सबसे ठंडा
मानसून की विदाई और आसमान साफ होने के बाद रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है: बीती रात कटनी जिले का करौंदी क्षेत्र पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान गिरकर 12.1°C दर्ज किया गया। इंदौर में 13.4°C, अमरकंटक में 13.6°C, दमोह व पचमढ़ी में 14°C तथा शाजापुर व बैतूल में 14.5°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का पारा भी 30°C से नीचे आ गया है। अमरकंटक, मलाजखंड, शिवपुरी, बैतूल और पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 27.4°C से 29.4°C के बीच रहा।
अक्टूबर के इस आखिरी सप्ताह में मध्य प्रदेश के निवासियों को बारिश और ठंडक दोनों का मिला-जुला अहसास देखने को मिलेगा।















