छतरपुर। छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढड़ारी के समीप रविवार को एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में धुआं और लपटें उठती देख चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को तत्काल सड़क किनारे रोका, जिससे समय रहते सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरेंद्र सिंह भदौरिया, शकुंतला सिंह भदौरिया और दो बच्चे कार में सवार होकर बल्देवगढ़ से छतरपुर की ओर आ रहे थे। जैसे ही कार ढड़ारी के पास पहुंची, वाहन से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। चालक की त्वरित सूझबूझ से सभी परिजनों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धूकर जलने लगी।

राहगीरों की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में परिवार का कोई भी सदस्य हताहत नहीं हुआ। प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।