मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) कर्मचारियों के वेतन के लिए आवश्यक आर्थिक प्रावधान उपलब्ध कराने के लिए राज्य के परिवहन मंत्री व एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक की ओर से किए गए प्रयास सफल रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार ने एसटी महामंडल को सितंबर 2026 में यात्रियों को दी गई रियायतों की प्रतिपूर्ति के लिए 391.02 करोड़ रुपए की निधि वितरित करने की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में मंगलवार को शासनादेश जारी किया गया।
एसटी महामंडल के लगभग 83 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन आमतौर पर हर महीने की 7 से 10 तारीख के बीच दिया जाता है। हालांकि,इस वर्ष 6 नवंबर से दिवाली का त्योहार शुरू होने वाला है,ऐसे में कर्मचारियों को त्योहार से पहले वेतन मिल सके, इसके लिए मंत्री प्रताप सरनाईक ने एसटी प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद परिवहन विभाग और एसटी प्रशासन ने सरकार से आवश्यक निधि उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए।
एसटी महामंडल की यात्री रियायत योजनाओं के लिए सरकार से मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि महामंडल की आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिला सम्मान योजना, वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न यात्री रियायत योजनाओं को लागू करने के कारण महामंडल पर बड़ा आर्थिक बोझ पड़ता है। इन रियायतों की प्रतिपूर्ति के लिए समय पर निधि उपलब्ध होने से महामंडल के आर्थिक लेन-देन को गति मिलती है।
सरकार के इस फैसले से एसटी कर्मचारियों को दिवाली से पहले वेतन देने के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध होने की दिशा में महत्वपूर्ण राहत मिली है। कर्मचारियों के त्योहार की खुशियों पर आर्थिक परेशानियों का असर न पड़े, इसके लिए परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने सरकार और एसटी प्रशासन के बीच समन्वय के साथ काम करने की भूमिका अपनाई थी।
इस अवसर पर मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि एसटी केवल एक परिवहन सेवा नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र के लाखों नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इस सेवा को दिन-रात सुचारू रूप से चलाने वाले अधिकारी और कर्मचारी ही महामंडल की असली ताकत हैं। उनके परिवार भी दिवाली का त्योहार खुशी से मना सकें, यह हमारी ईमानदार कोशिश है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को दिवाली से पहले वेतन देने के लिए हमने जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब एसटी प्रशासन वेतन वितरण की प्रक्रिया तत्काल पूरी करे।
















