छतरपुर, संदीप यादव: पड़ोसी जिले महोबा में हुए एक भीषण सड़क हादसे में छतरपुर जिले के चंदला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बंसिया गांव के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे परिवार की बाइक पर ट्रैक्टर पर रखी लकड़ी की पाटी अचानक गिर गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना के बाद से बंसिया और महोबा के बरांय गांव में गहरा शोक पसरा हुआ है।
मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंसिया निवासी 43 वर्षीय लीला प्रजापति अपने मायके उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के बरांय गांव गई थीं। वहां से परिवार के साथ वह रिवई गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। गत 25 अक्टूबर को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह अपनी बड़ी बहन 46 वर्षीय विमला प्रजापति और 19 वर्षीय भतीजे कपिल प्रजापति के साथ बाइक पर सवार होकर वापस लौट रही थीं। बाइक को कपिल चला रहा था।
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा, ट्रैक्टर से गिरी लकड़ी की पाटी
यात्रा के दौरान जब वे ग्राम गहरौली के पास पहुंचे, तो आगे एक न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर चल रहा था। ट्रैक्टर में कल्टीवेटर लगा हुआ था और उस पर लकड़ी की एक बड़ी पाटी रखी हुई थी। जब बाइक सवारों ने ट्रैक्टर को बगल से ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी ट्रैक्टर पर रखी वह लकड़ी की पाटी असंतुलित होकर सीधे बाइक सवारों पर आ गिरी।
मौके पर एक की मौत, अस्पताल में दोनों बहनों ने भी तोड़ा दम
इस भयानक हादसे में बाइक चला रहे 19 वर्षीय कपिल प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां विमला और मौसी लीला गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल महिलाओं को तुरंत इलाज के लिए महोबा अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में इलाज के दौरान 26 अक्टूबर को दोनों बहनों ने भी दम तोड़ दिया।
परिवार और गांव में पसरा सन्नाटा
एक ही हादसे में मां, बेटे और मौसी की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम के बाद लीला प्रजापति का शव उनके ससुराल बंसिया गांव लाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस अप्रत्याशित त्रिकोणीय त्रासदी से पूरे गांव में मातम और सन्नाटा छाया हुआ है।













