मंदसौर, ललित शंकर धाकड़ । मंदसौर जिले के दलौदा नगर में कृष्णा प्वाइंट के संचालक मुकेश लालवानी के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद नगर में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना से नाराज व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सड़कों पर उतरकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप दलौदा नगर का बाजार भी बंद रखा गया, जिससे पूरे नगर में विरोध का माहौल बना रहा।


बताया जा रहा है कि वर्ग विशेष के कुछ लोगों द्वारा की गई मारपीट की घटना के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि नगर में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था चिंता का विषय बनती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।


इसी को लेकर व्यापारियों और विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर नगर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकाली और प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही नगर में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।


व्यापारियों एवं नगरवासियों ने एसडीओपी कीर्ति बघेल को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में नगर की कानून व्यवस्था मजबूत करने और अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


फिलहाल प्रशासन ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि आरोपियों के खिलाफ कब और कितनी सख्त कार्रवाई होती है।