इंदौर, रविकान्त वर्मा । इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये कीमत की 1 किलो से अधिक एमडी ड्रग्स के साथ पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों की स्कॉर्पियो पुलिस से बचने की कोशिश में डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोच लिया।
क्राइम ब्रांच को आरोपियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद टीसीएस चौराहे के पास घेराबंदी की गई थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नवीन सोलंकी, गोविंद वर्मा, शंकर सिंह, विक्रम सिंह और नरेंद्र सिंह शामिल हैं। आरोपी राजस्थान, उज्जैन, देवास और इंदौर से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो से अधिक एमडी ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो वाहन और दो बाइक भी जब्त की गई हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भागने लगे, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई महीनों से एमडी ड्रग्स की तस्करी कर अवैध मुनाफा कमाने की बात कबूल की है। फिलहाल क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

