भोपाल, जीतेन्द्र यादव। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले ने अब बड़ा जनआंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है। पूर्व जिला जज गिरीबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर बुधवार को पूर्व सैनिक संगठन “वर्दी वेलफेयर सोसायटी” सड़कों पर उतर आई। राजधानी के शौर्य स्मारक से शुरू हुई पूर्व सैनिकों की बाइक रैली सीएम हाउस, पुलिस मुख्यालय और राजभवन तक पहुंची, जहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की गई।


रैली का नेतृत्व कर रहे पूर्व मेजर जनरल श्यामसुंदर श्रीवास्तव ने कहा कि यह सामान्य मौत का मामला नहीं है। उन्होंने जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्यों की अनदेखी की जा रही है और परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। ट्विशा शर्मा केस को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार इंसाफ की मांग उठ रही है। इसी बीच पूर्व सैनिकों के मैदान में उतरने से मामला और गर्मा गया है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।


परिजनों ने लगाए जांच प्रभावित करने के आरोप

मंगलवार को ट्विशा शर्मा के परिजनों ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि पूर्व जिला जज गिरीबाला सिंह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं। परिवार का कहना है कि मृतका की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।


पोस्टमॉर्टम और जांच पर उठे सवाल

परिजनों ने पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि जिन लोगों ने शव को नीचे उतारा, उनके बयान तक दर्ज नहीं किए गए। परिवार दूसरे पोस्टमॉर्टम की मांग पर अड़ा हुआ है। इसी कारण सात दिनों से शव एम्स में रखा हुआ है और अंतिम संस्कार नहीं किया गया।


पूर्व सैनिकों ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले की पारदर्शी जांच कराने, सभी पहलुओं की जांच करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। राजधानी भोपाल में हुए इस प्रदर्शन के बाद ट्विशा शर्मा केस अब प्रदेश की बड़ी चर्चाओं में शामिल हो गया है।