दरौडी में खेत की फेंसिंग में फंसा तेंदुआ, विजयराघवगढ़ में हड़कंप

Advertisement
कटनी, सुमित पांडे। कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दरौडी में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खेत की लोहे की फेंसिंग में तेंदुआ फंसा हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
खेत की जाली में फंसा वन्यप्राणी
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुआ संभवतः शिकार की तलाश में या रास्ता भटककर खेत की ओर आ गया था। इसी दौरान वह खेत में लगी लोहे की कटीली तारों की फेंसिंग में बुरी तरह उलझ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुद को छुड़ाने की कोशिश में तेंदुआ घायल हो गया है और खून से लथपथ दिखाई दे रहा है। तार में फंसे होने के कारण तेंदुआ काफी आक्रामक है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग ने संभाला मोर्चा, रेस्क्यू की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ और बड़वारा वन परिक्षेत्र का अमला मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। वन विभाग ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को भी तत्काल सूचित किया है।
500 मीटर के दायरे में प्रवेश प्रतिबंधित
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घटनास्थल के 500 मीटर के दायरे में किसी भी ग्रामीण के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बांधवगढ़ से आने वाली रेस्क्यू टीम तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित तरीके से बाहर निकालेगी। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण किया जाएगा और स्वस्थ पाए जाने पर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
ग्रामीणों से सतर्कता की अपील
वन विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तेंदुआ अचानक फेंसिंग से छूट गया तो वह हिंसक हमला कर सकता है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं, शोर न मचाएं, खेतों और खुले इलाकों में अकेले जाने से बचें तथा बच्चों और पालतू मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें।
