मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। मुरैना में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन पुलिस ने बिस्मिल नगर, जौरी क्षेत्र में दबिश देकर 45 पेटी अवैध देशी-विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिस्मिल नगर क्षेत्र में एक मकान में बेचने के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मकान पर दबिश दी। इस दौरान एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
मकान की तलाशी लेने पर पुलिस को 21 पेटी देशी प्लेन शराब, 12 पेटी देशी मसाला शराब और 12 पेटी किंगफिशर बीयर मिली। कुल 45 पेटियों में लगभग 441 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में अपराध क्रमांक 511/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक कविन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उदयभान सिंह यादव सहित सिविल लाइन थाने के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।











