मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर कुमार सानू ने 90 के दशक की अपनी पुरानी यादों को एक बार फिर ताजा किया है। उन्होंने संगीतकार अनु मलिक के साथ अपने लंबे और यादगार सफर को याद करते हुए उनकी संगीत प्रतिभा की जमकर तारीफ की। कुमार सानू ने बताया कि अनु मलिक की सबसे खास बात उनकी तुरंत धुन बनाने और मौके के हिसाब से गाने को नए अंदाज में पेश करने की क्षमता थी। दोनों की जोड़ी ने 90 के दशक में हिंदी फिल्म संगीत को कई यादगार गाने दिए, जिन्हें आज भी लोग पसंद करते हैं।
कुमार सानू हाल ही में सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के लोकप्रिय डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के मंच पर नजर आए। इस दौरान शो में अनु मलिक भी मौजूद थे।
बातचीत के दौरान कुमार सानू ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि अनु मलिक बहुत तेजी से गाने तैयार करते थे। उन्होंने कहा, ''इनके जितना इंस्टेंट कोई गाना नहीं बना सकता, मैंने आज तक नहीं देखा।''
कुमार सानू ने आगे कहा, ''अगर किसी प्रोड्यूसर को अनु मलिक का तैयार किया हुआ गाना पसंद नहीं आता था तो वह उसी समय उसके कई अलग-अलग अंदाज पेश कर देते थे। अनु मलिक एक ही गाने को 14-15 तरह से गाकर सुना देते थे। उनकी आवाज और अंदाज ऐसा था कि सामने वाला व्यक्ति आखिरकार गाना पसंद करने के लिए मजबूर हो जाता था।''
इस बातचीत के दौरान शो के होस्ट हार्दिक लिम्बाचिया ने कुमार सानू से मंच पर आने की गुजारिश की। इसके बाद कुमार सानू ने अपनी आवाज का जादू बिखेरते हुए 1994 में रिलीज हुई फिल्म 'नाराज' का लोकप्रिय गाना 'संभाला है मैंने' गाया। बता दें कि इस गाने को अनु मलिक ने कंपोज किया था।
परफॉर्मेंस के बाद कुमार सानू ने एक बार फिर अनु मलिक के संगीत योगदान की तारीफ की। उन्होंने कहा, ''90 के दशक में अनु मलिक ने हिंदी फिल्म संगीत को कई बेहतरीन गाने दिए। 'संभाला है मैंने' एक मुश्किल गाना था। इस तरह के गीत को तैयार करना और उसे सही अंदाज में पेश करना आसान काम नहीं है।''
'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के आने वाले एपिसोड की थीम 'इंडिया वाला डांस' रखी गई है और इसे 'ग्रेट ग्रैंड टशन' नाम दिया गया है। शो में कंटेस्टेंट्स रितेश और प्रतीक अपनी शानदार डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों और मेहमानों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। शो का यह एपिसोड संगीत और डांस के साथ 90 के दशक की पुरानी यादों को भी ताजा करता दिखाई देगा।
'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' हर शनिवार और रविवार को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होता है।




