मुंबई। अभिनेता अहान शेट्टी की आगामी फिल्म सनकी की शूटिंग 30 अक्टूबर से भोपाल में शुरू होगी। टीनू सुरेश द्वारा निर्देशित इस एक्शन ड्रामा फिल्म में दर्शकों को रोमांस, इमोशन और जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा।

फिलहाल मेकर्स ने कहानी को सीक्रेट रखा है और आने वाले महीनों में इससे जुड़ी और जानकारी सामने आएगी। डायरेक्टर टीनू सुरेश देसाई, जो 'रुस्तम' और 'मिशन रानीगंज' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। वह फिल्म की पूरी टीम के साथ भोपाल पहुंच चुके हैं और शूटिंग की तैयारियों में जुटे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सनकी टाइटल पहले प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला के पास रजिस्टर्ड था, जो एक दूसरी फिल्म के लिए था और उससे भी कभी अहान शेट्टी का नाम जुड़ा था। जब अहान ने इस टाइटल को अपनी दूसरी फिल्म के लिए इस्तेमाल करने में दिलचस्पी दिखाई, तो उन्होंने किसी और के जरिए बात करने के बजाय खुद साजिद नाडियाडवाला से मिलकर इस बारे में बात की।

बताया जा रहा है कि यह मामला बिना किसी लंबी बातचीत के आसानी से सुलझ गया। साजिद नाडियाडवाला ने सद्भावना के तौर पर यह टाइटल खुशी-खुशी दे दिया, जो अहान और शेट्टी परिवार के साथ उनके अच्छे रिश्ते को दिखाता है। यह एक एक्शन-ड्रामा और प्रेम कहानी का मिश्रण होगी।

फिल्म में अहान शेट्टी के साथ पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म को वी द पीपल, रोरिंग रिवर प्रोडक्शंस और पाल्स एंड पीयर्स एंटरटेनमेंट द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है। सनकी 2027 की पहली छमाही में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अहान ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत फिल्म 'तड़प' से की थी। वह हाल ही में सनी देओल स्टारर 'बॉर्डर 2' में नजर आए थे। इस फिल्म में उन्होंने लेफ्टिनेंट कमांडर महेंद्र सिंह रावत का किरदार निभाया था, जो भारतीय नौसेना के एक जांबाज अधिकारी हैं।