फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के एक गांव में मिठाई को लेकर जीजा-साले के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि जीजा अपनी पत्नी को मायके से लेने पहुंचा था और रास्ते में काजू की बर्फी नहीं मिलने पर लड्डू खरीदकर ले गया।
जानकारी के मुताबिक पवन सिंह यादव की पत्नी कुछ दिन पहले मायके चली गई थी। पत्नी की याद आने पर पवन उसे लेने ससुराल पहुंचा। रास्ते में अच्छी मिठाई की दुकान नहीं मिलने पर उसने लड्डू खरीद लिए।
ससुराल पहुंचने पर लड्डू देखकर साले ने नाराजगी जताई और कहा कि उसकी बहन को काजू की बर्फी पसंद है, फिर वह लड्डू क्यों लेकर आया। इस बात पर जीजा-साले के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया। मारपीट में पवन सिंह को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मामले को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है।




