छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के पुलिस अधीक्षक अगम जैन के तबादले के बाद सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों द्वारा उन्हें पुष्प माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पत्रकारों ने उनके दो वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। साथ ही यातायात पार्क, हेलमेट बैंक और पुलिस लाइन भवन जैसे महत्वपूर्ण कार्य उनके कार्यकाल की उपलब्धियों में शामिल रहे हैं।
पत्रकारों ने यह भी उल्लेख किया कि चोरी, लूट और हत्या जैसे कई गंभीर मामलों का खुलासा पुलिस द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। हालांकि कुछ पत्रकारों ने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि कई मामलों में जांच का आश्वासन जरूर मिलता था, लेकिन समाधान में समय लगता था।
अपने संबोधन में एसपी अगम जैन ने पत्रकारों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि छतरपुर के पत्रकार प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश स्तर पर अपनी पहचान बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकार एक ही गाड़ी के दो पहिए हैं, जो समाज के हित में दिन-रात कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सम्मानपूर्वक विदाई दी।

