छतरपुर, शिवेन्द्र शुक्ला। शहर के बस स्टैंड पर सिद्धिविनायक नवदुर्गा उत्सव समिति एवं प्रताप नवयुवक संघ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, अखाड़ा प्रदर्शन, मेधावी छात्र सम्मान समारोह एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वीर-वीरांगनाओं ने तलवार और ढाल के साथ अद्भुत शौर्य प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वहीं मां काली के दरबार की भव्य प्रस्तुति और बच्चों द्वारा दी गई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वीर-वीरांगनाओं का पारंपरिक शस्त्र प्रदर्शन रहा। साथ में मलखंभ की शानदार प्रस्तुति दी गई। बच्चियों का तलवार और ढाल के साथ उनके कौशल एवं साहस को देखकर दर्शकों ने जमकर सराहना की। मां काली के दरबार की आकर्षक प्रस्तुति ने धार्मिक वातावरण को और भी भव्य बना दिया। बच्चों ने भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिले के मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
समारोह में इस वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में छतरपुर जिले में टॉप करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना तथा अन्य बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी मिला सम्मान
आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पहचान बनाने और लगातार सक्रिय रहकर बेहतर कार्य करने वाले इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया गया। इनमें बिन्नू रानी, हरिया भैया, विकास तिवारी, अभिजीत परमार, मान कुशवाहा, दिव्या बुंदेला एवं रेशू अग्रवाल आनंद चतुर्वेदी हरि रंगीला बुंदेला सहित अन्य सोशल मीडिया प्रतिभाएं शामिल रहीं। समिति की ओर से इन सभी के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक श्री उमेश शुक्ला जी वरिष्ठ पत्रकार श्री हरि अग्रवाल जी एवं श्री सुरेंद्र अग्रवाल जी, पूर्व डिप्टी कलेक्टर श्री डी.पी. द्विवेदी जी, पूर्व सीएमएचओ डॉ. के.के. चतुर्वेदी जी , भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती नंदिता पाठक, श्री भरत पाठकजी , ब्राह्मण सेना के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र तिवारी जी , श्रीमती दीप्ति पांडे एवं श्री राकेश रिछारिया जी , श्री सुरेंद्र चौरसिया जी, श्री जयराम चतुर्वेदी जी, श्री पंकज पहारिया जी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह में अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों, बच्चों की सांस्कृतिक प्रतिभा और सामाजिक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र शुक्ला जी ने किया ।
सिद्धिविनायक नवदुर्गा उत्सव समिति एवं प्रताप नवयुवक संघ की इस संयुक्त पहल ने धार्मिक आस्था, भारतीय शौर्य परंपरा, शिक्षा और डिजिटल प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का संदेश दिया। आयोजन ने यह भी दर्शाया कि धार्मिक उत्सव केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सकारात्मक संदेश देने का सशक्त माध्यम भी बन सकते हैं।

















