खजुराहो, तुलसीदास सोनी। भाजपा विधायक अरविंद पटेरिया के नेतृत्व में आयोजित दो दिवसीय जलाभिषेक यात्रा 17 अगस्त की देर शाम विश्वप्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो स्थित मतंगेश्वर महादेव मंदिर पर संपन्न हुई। यात्रा के समापन अवसर पर विधायक पटेरिया ने अपने परिवार, समर्थकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भगवान मतंगेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और महाआरती में भाग लिया।


भगवान शिव की आकर्षक झांकी एवं भव्य साज-सज्जा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। पूजन-अर्चन के पश्चात मंदिर परिसर के बाहर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। विधायक पटेरिया ने बताया कि सावन मास में यह उनकी लगातार तीसरी जलाभिषेक यात्रा थी, जो क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा की कामना हेतु आयोजित की जाती है।


यात्रा का मार्ग और प्रमुख पड़ाव

16 अगस्त (प्रथम दिन): यात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे स्वर्गेश्वर धाम से 'बम-बम भोले' के जयकारों के साथ हुआ। हजारों श्रद्धालुओं का कारवां राजगढ़, चंद्रनगर, टॉरियाटेक, धमना, बसाटा और सूरजपुरा होते हुए धवाड़ पहुंचा, जहां रात्रि विश्राम किया गया।


17 अगस्त (द्वितीय दिन): सुबह 10 बजे धवाड़ से पुनः शुरू होकर यात्रा मऊमसानिया, ढोंगी, महिलवार, भुवानीपुरा, हकीमपुरा, अचनार और सत्ती की मड़िया राजनगर होते हुए खजुराहो के छत्रसाल चौराहा पहुंची।


जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

खजुराहो आगमन पर छतरपुर जिला प्रशासन और नगर परिषद के सहयोग तथा स्थानीय नागरिकों व व्यापारी संघ द्वारा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया: छत्रसाल चौराहे पर लक्ष्मी टेंट हाउस (सौरभ अग्रवाल), रजत अग्रवाल एवं नगर परिषद खजुराहो द्वारा JCB मशीनों से पुष्पवर्षा की गई।


व्यापारी संघ के अध्यक्ष नरेश सोनी, परवेंद्र अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, कपिल सोनी, राहुल सोनी सहित स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कार्यक्रम व पूजन अनुष्ठान में बमीठा सरपंच सनत मंजू जैन, खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी, धवाड़ सचिव संजय मिश्रा एवं क्षेत्र के सभी भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रमुख रूप से शामिल रहे। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरे यात्रा मार्ग में भारी पुलिस बल तैनात रहा।