इंदौर। भारत ने रविवार को होल्कर स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वेस्टइंडीज को 14 रनों से हराया। अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लेते हुए भारत को पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद अर्शदीप ने कहा कि डेथ ओवर्स में रिवर्स स्विंग के साथ गेंदबाजी करना हमेशा मजेदार होता है। तीसरे टी20 में 44 रन देकर 3 विकेट लेने के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए अर्शदीप ने दूसरे ओवर में शानदार फॉर्म में चल रहे शाई होप को बोल्ड करके भारत को शुरुआती सफलता दिलाई। वहीं, दूसरे टी20 में शानदार पारी खेलने वाले शेरफेन रदरफोर्ड को 32 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। अर्शदीप ने रदरफोर्ड को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने कीमो पॉल का भी विकेट झटका।
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए अर्शदीप ने कहा, "यह बहुत अच्छा अनुभव था, गेंद थोड़ी रिवर्स हो रही थी और डेथ ओवर्स में रिवर्स स्विंग के साथ गेंदबाजी करने में हमेशा मजा आता है।" जब उनसे पूछा गया कि टीम ऐसे दिनों से कैसे निपटती है जब उन्हें कोई विकेट नहीं मिलता, तो अर्शदीप ने कहा, "टीम में लीडर या सीनियर जैसा कुछ नहीं है। माहौल बहुत अच्छा और तनाव-मुक्त रहता है और जब भी किसी का दिन खराब होता है, तो हम उसका हौसला बढ़ाते हैं और कहते हैं कि कोई बात नहीं।"
तेज गेंदबाज ने आगे कहा, "एक इंटरनेशनल क्रिकेटर के तौर पर आप जानते हैं कि अच्छे और बुरे दिन आते रहते हैं और आप वापसी करके अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मुझे व्यक्तिगत रूप से यह बहुत पसंद है जब बल्लेबाज हर चरण में आप पर जोरदार प्रहार करते हैं, क्योंकि तभी आप अपने कौशल और मानसिक मजबूती को परख सकते हैं।"
अर्शदीप ने यह भी बताया कि बदलते हालात के हिसाब से वे कैसे तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा, "मुख्य ध्यान बस जल्दी आकर नई और पुरानी गेंद से थोड़ी गेंदबाजी करने और हालात के अनुसार ढलने पर होता है। शेड्यूल हमेशा व्यस्त रहता है और जो टीम जल्दी ढल जाती है, वही जीतती है।" तीसरे टी20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पूरी टीम 223 रन बनाकर ऑलआउट हुई। हालांकि, इसके जवाब में वेस्टइंडीज 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी।
भारत और वेस्टइंडीज अब चौथे मैच में आमने-सामने होंगे, जो बुधवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा।











