नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। वरुण चक्रवर्ती के स्थान पर रवि बिश्नोई को मौका मिला है। टॉस जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। आपको अंदाजा है कि विकेट कैसा खेलेगा, और इससे गेंदबाजों को भी अनुमान हो जाता है, जिससे थोड़ा फायदा होता है। पहले मैच में बतौर टीम हमारा प्रदर्शन और अच्छा हो सकता था और हम बड़े अंतर से जीत सकते थे। एक गेंदबाजी यूनिट के तौर पर, हम बीच में विकेट ले सकते थे। वरुण चोटिल हैं और रवि बिश्नोई उनकी जगह आए हैं।"
टॉस हारने के बाद अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने कहा, "हम भी पहले गेंदबाजी करते। हम सकारात्मक क्रिकेट खेलना चाहते हैं, उस दिन हमारी शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन हमने बीच में अच्छा खेला। हम आज रात बेहतर करने की कोशिश करेंगे। हमने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।"
भारतीय टीम का प्रदर्शन पहले टी20 मुकाबले में जबरदस्त रहा। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा बेहतरीन लय में नजर आए और उन्होंने 32 गेंदों में 82 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी। अभिषेक के अलावा, ईशान किशन ने भी 33 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया था। हालांकि, संजू सैमसन पहले मैच में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। ऐसे में टीम को उनसे इस मैच में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह के आगे अफगानिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए थे। वहीं, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की स्पिन जोड़ी ने भी अपना कमाल दिखाया था। हालांकि, वरुण चोट के चलते इस सीरीज से बाहर हो गए हैं।
दूसरी अफगानिस्तान अपने बल्लेबाजों से इस मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। पहले टी20 में उमरजई और नबी को छोड़कर टीम के अन्य बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए थे। टीम के तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा था। फजलहक फारूकी ने 2 ओवर में 38 रन दिए थे। वहीं, राशिद खान की झोली में भी कोई विकेट नहीं आ सका था।
भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई।
अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, गुलबदीन नायब, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान और फजलहक फारूकी।




