नौगांव, कमल यादव। नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों की छह दिन से चल रही हड़ताल के कारण नगर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए थे, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस जनसमस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और शुक्रवार शाम एसडीएम गोपाल शरण पटेल की अध्यक्षता में नगर पालिका सीएमओ आर.एस. अवस्थी, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को तत्काल पटरी पर लाने का निर्णय लिया गया।


निर्णय के अनुरूप शनिवार सुबह 6 बजे नगर पालिका परिषद परिसर से विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ नगर पालिका परिसर से होकर गर्ल्स स्कूल चौराहा, कोठी चौराहा, मेन रोड, बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों पर किया गया। अभियान में एसडीएम गोपाल शरण पटेल, तहसीलदार विजय चौधरी, सीएमओ आर.एस. अवस्थी, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, पार्षद प्रतिनिधि अमित तिवारी, महिला जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने श्रमदान कर सफाई कार्य किया।


अभियान के दौरान तहसीलदार विजय चौधरी स्वयं झाड़ू लेकर सफाई करते नजर आए। उनके साथ पार्षद अरविंद यादव, जितेंद्र यादव, श्यामसुंदर अर्जरिया, कुलदीप यादव, अंजना राजपूत, एल्डरमैन ममता यादव, एल्डरमैन वीरेंद्र पाराशर सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। समाजसेवियों के साथ नगर के पत्रकारों ने भी अभियान में शामिल होकर स्वच्छता का संदेश दिया।


सुबह लगभग 10 बजे तक चले इस अभियान के दौरान बस स्टैंड सहित कई क्षेत्रों से कचरा हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर को पूरी तरह स्वच्छ बनाने के लिए यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। वहीं छह दिनों से गंदगी की समस्या से जूझ रहे नगरवासियों ने सफाई अभियान शुरू होने पर राहत की सांस ली और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। नगरवासियों ने जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और उसके सकारात्मक परिणाम सामने आने को लोकतांत्रिक व्यवस्था की सार्थक पहल बताया।