सागर/देवरी, त्रिवेन्द्र जाट। किसानों की शिकायत पर बुधवार को कृषि, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने देवरी में खाद विक्रेता हर्षित जैन के प्रतिष्ठान तथा किराए के मकानों पर छापा मारा। खंडेराव वार्ड के सहजपुर रोड और देवगुवा रोड स्थित किराए के मकानों में स्वीकृत गोदाम के अलावा बड़े पैमाने पर खाद का अवैध भंडारण पाया गया।


मौके से 665 बोरी यूरिया, 7 बोरी टीएसपी और 8 बोरी एनपीके खाद बरामद हुई। प्रशासन ने संबंधित परिसर को सील कर दिया है और आगे की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है।


किसानों ने निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की शिकायत भी की थी। जांच के दौरान किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराया गया। वहीं, खाद की दुकान में अनाज-गल्ला का व्यापार भी संचालित पाया गया। खाद और अनाज की बोरियां एक साथ रखे होने पर कृषि विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही करार देते हुए दुकानदार को सख्त निर्देश दिए हैं।


एसएडीओ उमाशंकर प्रजापति ने बताया कि शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। अवैध रूप से रखी खाद वाले किराए के मकानों को सील कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।