छतरपुर, संजय अवस्थी। सामान्य वर्ग के लोगों ने शुक्रवार को जिला न्यायालय के बाहर पंडाल लगाकर अनोखे तरीके से विनम्र श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में सवर्ण समाज से जुड़े मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य नेताओं को मृत मानते हुए उनके प्रतीकात्मक अस्थि कलश के साथ पिंडदान किया गया।


कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि सामान्य वर्ग के कई नेता होने के बावजूद वे समाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात मजबूती से नहीं रख पा रहे हैं। उनका आरोप था कि जब सामान्य वर्ग के हितों के विपरीत कानून या निर्णय लिए जाते हैं, तब संबंधित नेता उनके पक्ष में आवाज नहीं उठाते।


प्रशांत शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम सवर्ण समाज के लोगों द्वारा बेहद दुखी मन से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज के नेता, मंत्री, सांसद और विधायक जब समाज के पक्ष में बोल नहीं पा रहे हैं तो उनकी आत्मा मर चुकी है। ऐसे नेताओं को मृत मानकर उन्हें श्रद्धांजलि देना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से अस्थि कलश तैयार किया गया और पिंडदान की रस्म निभाई गई। इस दौरान राममिलन गौतम, प्रशांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में सामान्य वर्ग के लोग मौजूद रहे।