कलेक्टर और एसपी मौके पर तैनात

आरोपी के घर के बाहर फूंकी स्कॉर्पियो, दो आरोपी गिरफ्तार


सिंगरौली। मध्य प्रदेश के ऊर्जाधानी कहे जाने वाले सिंगरौली जिले का मोरवा इलाका बुधवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। 15 वर्षीय एक नाबालिग की हत्या के बाद भड़के जनआक्रोश ने हिंसक रूप ले लिया। उग्र भीड़ ने न केवल आरोपी के घर के बाहर खड़ी एक लग्जरी कार (स्कॉर्पियो) को आग के हवाले कर दिया, बल्कि मोरवा थाने का घेराव कर पुलिस पर पथराव और मिर्ची पाउडर से हमला भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।


लापता नाबालिग का मिला शव, भड़का गुस्सा

मामले की शुरुआत दो दिन पहले हुई थी, जब मोरवा निवासी 15 वर्षीय किशोर अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन बुधवार शाम जैसे ही किशोर का शव बरामद हुआ, इलाके में तनाव फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती जांच में ढिलाई बरती। शव मिलने की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग मोरवा थाने के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी।


थाने पर पेट्रोल बम और मिर्ची पाउडर से हमला

देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसा में बदल गया। उग्र भीड़ ने थाना परिसर में घुसने की कोशिश की और वहां खड़े पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ की तरफ से पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया और उन पर मिर्ची पाउडर फेंका गया। कुछ उपद्रवियों द्वारा पेट्रोल बम फेंकने की भी खबरें सामने आई हैं। पुलिस ने आत्मरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा।


आरोपी के घर पर आगजनी

रात करीब 10 बजे आक्रोशित भीड़ मुख्य आरोपी पंकज गुप्ता के घर पहुंची। वहां घर के बाहर खड़ी एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को आग लगा दी गई। कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर खाक हो गया। आगजनी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।


प्रशासन की कार्रवाई: दो गिरफ्तार

तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।पुलिस ने अब तक हत्या के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर पुलिस उन उपद्रवियों की पहचान कर रही है जिन्होंने थाने पर हमला किया और आगजनी की।


"स्थिति अब नियंत्रण में है। हमने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। कानून हाथ में लेने वालों और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

स्थानीय पुलिस प्रशासन