मंदसौर। मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बर्डिया अमरा के पास एक प्याज से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरा, जिससे ट्रक चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार ट्रक दिल्ली से प्याज लेकर मुंबई की ओर जा रहा था। इसी दौरान बर्डिया अमरा के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक पुलिया से नीचे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक एवं एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में मृत दोनों व्यक्तियों के पंजाब निवासी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दी जा रही है। हादसे के बाद ट्रक में भरा प्याज सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्र में बिखर गया। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए इस दर्दनाक हादसे की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो दुर्घटना की भयावहता को बयां कर रही हैं।