मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले की नई आबादी थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20 किलो ब्राउन शुगर ड्रग्स बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 30 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई क्रेटा कार और एक सुजुकी एस-क्रॉस कार भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपी इंदौर और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस को लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।


मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि नई आबादी थाना पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।


पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।