बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बीना थाना क्षेत्र के मालखेड़ी रोड पर पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी डकैती की वारदात होने से पहले ही टल गई। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मालखेड़ी रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति झुंड बनाकर बैठे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसडीओपी अजय कुमार के नेतृत्व तथा थाना प्रभारी अनूप सिंह यादव की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से हाइड्रोलिक कटर, गुलेल, मिर्च पाउडर सहित डकैती में उपयोग होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया।
एसडीओपी अजय कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बीना स्थित शाह पेट्रोल पंप और सर्वोदय चौराहे के पास स्थित सानिया ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस की तत्परता के चलते वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया।
पुलिस ने लखा सिंह पारदी, कुलदीप मोगिया, नंदू उर्फ नंदकिशोर पारदी, तारा सिंह पारदी एवं गजराज सिंह पारदी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर लखन राज, आर.के. जोरम, जय सिंह, एएसआई शिखर चंद्र, प्रधान आरक्षक संजय बेन तथा आरक्षक प्रेमजीत, दीप सिंह भदौरिया, अजय कुमार, अनिल जाटव, जितेंद्र, युधिष्ठिर, बाबूलाल, प्रमोद, नीरज, संदीप एवं नरेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना को रोका जा सका।

