श्योपुर, उत्तम सिंह। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित कूनो नेशनल पार्क दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर कुमार अग्रवाल ने कूनो नेशनल पार्क पहुंचकर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएफओ कूनो आर. थिरूकुराल, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एडिशनल एसपी प्रवीण भूरिया, प्रभारी सीईओ जिला पंचायत एवं एसडीएम श्योपुर गगन सिंह मीणा, एसडीएम कराहल बी.एस. श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर एवं एसपी ने राष्ट्रपति के आगमन हेतु बनाए गए हेलीपेड स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रोटोकॉल के अनुरूप बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक चेकिंग प्वाइंट स्थापित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने राष्ट्रपति के संभावित रात्रि विश्राम को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं, संचार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाएं प्रोटोकॉल के अनुसार की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

