भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से दिल दहला देने वाली सामूहिक मौत की एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। शहर के छोला मंदिर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालीखेड़ी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव उनके घर के भीतर संदिग्ध हालात में बरामद किए गए। वहीं परिवार के मुखिया 35 वर्षीय नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह रोंगटे खड़े करने वाली आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र साहू ने पहले अपने ही हाथों अपनी वृद्ध मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों को मौत के घाट उतारा और फिर खुद रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। इस दिल दहला देने वाले घटनाक्रम के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
वारदात में जान गंवाने वालों की पहचान परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), 10 वर्षीय मासूम बेटी कृति साहू और 6 वर्षीय बेटे खुश साहू के रूप में हुई है। घर के अंदर चार सदस्यों के बेसुध शव पड़े होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करते हुए भौतिक और डिजिटल साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवाया।
एक ही झटके में पूरे परिवार के इस तरह खत्म हो जाने की खबर से राजधानी के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह, गंभीर मानसिक तनाव या किसी गहरी आर्थिक तंगी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, और परिवार के सदस्यों को जहर देकर मारा गया या गला घोंटकर, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
छोला मंदिर और सूखी सेवनिया थाना पुलिस संयुक्त रूप से इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। पुलिस टीम नरेंद्र साहू की कॉल डिटेल, पड़ोसियों और नजदीकी रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि आखिर वह कौन सी गंभीर वजह या मजबूरी थी, जिसके चलते एक व्यक्ति ने अपने ही हंसते-खेलते पूरे परिवार को खत्म करने जैसा आत्मघाती और वीभत्स कदम उठा लिया।













