पन्ना, अमित सिंह राठौर। जिले के शासकीय कन्या माध्यमिक शाला बृजपुर में शैक्षणिक वातावरण पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पठन-पाठन का केंद्र रहने वाला यह विद्यालय इन दिनों शिक्षकों के आपसी मतभेद और हाथापाई का केंद्र बन चुका है। घटना की शुरुआत 1 अक्टूबर को नोटिस देने की प्रक्रिया के दौरान हुई थी। इस दौरान शिक्षिका रजनी सोनी, शिक्षक अशोक कुमार ओमरे और शिक्षिका दीपा चतुर्वेदी के मध्य तीखा विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि शिक्षिका रजनी सोनी ने अन्य स्टाफ सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई की, जिसके बाद से विद्यालय के अन्य शिक्षक भय के वातावरण में अध्यापन कार्य करने को मजबूर हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी की पांच सदस्यीय समिति पहुंची जांच करने
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित पांच सदस्यीय जांच समिति विद्यालय परिसर पहुंची। हालांकि, जांच टीम के सामने भी परिसर में तीखी बहस और ड्रामा जारी रहा। जांच अधिकारियों की मौजूदगी में भी माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा, जिससे निष्पक्ष जांच प्रक्रिया प्रभावित होती नजर आई।
बृजपुर थाने से बुलाई गई महिला पुलिस, बयान दर्ज
स्कूल परिसर में बिगड़ते हालातों को देखते हुए जांच समिति ने तत्काल बृजपुर पुलिस थाने से संपर्क किया और महिला पुलिस बल को मौके पर बुलाया। महिला पुलिस की सुरक्षात्मक मौजूदगी में जांच अधिकारियों ने विद्यालय के सभी संबंधित पक्षों, पीड़ित शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के बयान दर्ज किए।
दोषियों पर जल्द होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
जांच समिति के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि एकत्र किए गए बयानों और साक्ष्यों के आधार पर जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यह रिपोर्ट शीघ्र ही वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी और मामले में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

















