मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र स्थित कचनारा गांव से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां एक पारिवारिक आयोजन में खाना खाने के बाद करीब 20 से 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पीड़ित लोगों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।

नगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दी गई प्राथमिक चिकित्सा

तबीयत बिगड़ने के तुरंत बाद सभी बीमार लोगों को नगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सा दल ने सभी मरीजों का प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन स्थिति की नजाकत को भांपते हुए 21 मरीजों को तुरंत बेहतर चिकित्सा के लिए मंदसौर जिला अस्पताल के लिए रेफर करना पड़ा, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। कचनारा चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौर और बीएमओ अभिषेक जैन समेत तमाम जिम्मेदार अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति पर पूरी नजर बनाए रखी। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि सभी मरीजों को समय पर और सही उपचार मिले।

जांच के बाद सामने आएंगे बीमारी के पुख्ता कारण

भोजन करने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने के पीछे के असली कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो सका है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इस बात की गहन जांच-पड़ताल कर रही हैं कि भोजन में कौन सी चीज दूषित थी। विभाग का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।