ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 60 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी ही 12 वर्षीय पोती के साथ कई बार अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची के माता-पिता का वर्ष 2023 में तलाक हो गया था। अदालत के आदेश के बाद बच्ची अपने पिता और दादा-दादी के साथ ग्वालियर में रह रही थी। आरोप है कि इसी दौरान दादा ने बच्ची के साथ अनुचित व्यवहार किया और उसे आपत्तिजनक वीडियो भी दिखाए। विरोध करने पर कथित रूप से उसे धमकाया जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब गर्मी की छुट्टियों में बच्ची अपनी मां के पास सूरत पहुंची। वहां उसने रोते हुए अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद मां ने सूरत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूरत पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला ग्वालियर पुलिस को भेज दिया।
जनकगंज थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


