मैहर/अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। भाजपा युवा मोर्चा के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष दिलीप पटेल के अमरपाटन आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिले में युवा मोर्चा के संगठनात्मक बदलाव के बाद यह उनका पहला बड़ा दौरा रहा, जिसे कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया।

दिलीप पटेल के अमरपाटन पहुंचने पर उनका पैदल रोड शो निकाला गया। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर और मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। सतना चौराहे पर युवा मोर्चा के प्रकाश गुप्ता, नृपेंद्र पटेल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें अजगर माला पहनाई और गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान सतना चौराहा कार्यकर्ताओं की भीड़ से खचाखच भरा नजर आया।

इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, जिला मंत्री जितेंद्र पटेल, जिला उपाध्यक्ष रूप नारायण पटेल, मंडल अध्यक्ष सुयश चतुर्वेदी, भाजपा नेता सूरज गुप्ता, युवा मोर्चा अध्यक्ष शुभम गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य तारा विजय पटेल और पार्षद राकेश ताम्रकार समेत अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने नए जिला अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि संगठन को और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा। स्वागत में जुटी भीड़ ने क्षेत्र में युवा मोर्चा की सक्रियता और ताकत का संदेश दिया।