नई दिल्ली। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ओएनजीसी) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। ओएनजीसी ने 'द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया' और 'द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया' के उन योग्य छात्रों से एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिन्होंने सीए/सीएमए इंटरमीडिएट परीक्षा पास कर ली है। ओएनजीसी लिमिटेड की ओर से जारी 50 रिक्तियों में सीए इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के 25 और सीएमए इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के 25 पद शामिल हैं। वहीं, क्षेत्र के आधार पर जारी 25 सीए इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग रिक्तियों में दिल्ली में 11, मुंबई में 7, चेन्नई में 3, वडोदरा में 2 और कोलकाता में 2 पद शामिल हैं।
वहीं, सीएमए इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के 25 पदों में दिल्ली में 9, मुंबई में 7, चेन्नई में 3, वडोदरा में 3 और कोलकाता में 3 पद हैं। इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (गूगल फॉर्म) माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर तक तय की गई है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार ओएनजीसी की ओर से संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का सीए/सीएमए इंटरमीडिएट परीक्षा न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना जरूरी है। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवार का जन्म 1 जनवरी 2000 को या उसके बाद हुआ होना चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यता, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रथम वर्ष 22,000 से 25,000 रुपए के बीच स्टाइपेंड और दूसरे वर्ष 25,000 से 27,000 रुपए के बीच स्टाइपेंड, पद और पोस्टिंग शहर के हिसाब से दिया जाएगा। वहीं, ओएनजीसी के आश्रितों और उन उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने पहले ही प्रयास में परीक्षा पास कर ली है।
चुने गए उम्मीदवारों का प्रशिक्षण स्थान दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, वडोदरा और कोलकाता होगा। उम्मीदवारों के प्रशिक्षण की अवधि सीए के लिए 9 से 12 महीने और सीएमए के लिए 15 से 18 महीने होगी। वहीं, साक्षात्कार का माध्यम ऑनलाइन/ऑफलाइन/टेलीफोन के जरिए होगा।

















