नई दिल्ली। शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन देशभर के देवी मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।मध्य प्रदेश के देवास में स्थित प्रसिद्ध प्राचीन माता टेकरी मंदिर में बुधवार सुबह की आरती के साथ ही हजारों भक्तों ने पूजा-अर्चना की। वहीं, कई भक्त लाइनों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और मां के जायकारे लगा रहे हैं। मंदिर के पुजारी सुरेश नाथ ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "आज शारदीय नवरात्रि का चौथा दिन है और यहां मां कूष्मांडा अपने दिव्य रूप में विराजमान हैं। देवी दिन में तीन रूपों में दिखती हैं - सुबह बचपन, दोपहरी में जवानी और शाम को बुढ़ापा।" उन्होंने मंदिर की मान्यता के बारे में बताते हुए कहा, "जिसको संतान नहीं होती, उसको मां के आशीर्वाद से संतान प्राप्ति होती है। अभी चार दिन में ही कम से कम चार-पांच लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।"

वहीं, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नवरात्रि के दौरान ऐतिहासिक 'श्रृंगार चौकी' जुलूस ने भक्तों का मन मोह लिया। श्री महंत बाबा हाथीराम पजावा और श्री पत्थरचट्टी रामलीला समितियों द्वारा आयोजित इस भव्य जुलूस में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सजे-धजे रथों पर भगवान राम, लक्ष्मण और देवी सीता की भव्य झांकियां इस जुलूस का मुख्य आकर्षण रहीं। रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक नगाड़ों की धुन के साथ निकलने वाला यह जुलूस प्रयागराज की सदियों पुरानी रामलीला परंपराओं को आज भी जीवंत रखे हुए है।

जुलूस में शामिल एक भक्त ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा, "यह परंपरा कई सालों से चली आ रही है। ऐसा नजारा और कहीं देखने को नहीं मिलता। हम बहुत छोटे थे तब हमारे माता-पिता हमें यहां लाते थे और बाद में जब हम बड़े हुए, तो हम खुद आने लगे।"