छतरपुर,रोहित पाठक। मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में सनातनी चेतना का एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। धाम परिसर में देशभर के सनातनी युवाओं और डिजिटल माध्यमों के प्रभावशाली चेहरों का एक भव्य महाकुंभ आयोजित होने जा रहा है। 'भारतीय सनातनी युवा शक्ति कॉन्क्लेव अवॉर्ड' के नाम से आयोजित इस राष्ट्रीय समागम में देश के कोने-कोने से 187 प्रमुख सनातनी इन्फ्लुएंसर्स एक साथ एक मंच पर शिरकत करेंगे।

नई पीढ़ी तक सनातन संस्कृति और धार्मिक संस्कारों को पहुँचाने का संकल्प

इस बहुप्रतीक्षित आयोजन की मूल अवधारणा सनातन संस्कृति, वैदिक धर्म और समृद्ध भारतीय परंपराओं के गौरव को आधुनिक युवाओं तक पहुँचाना है। डिजिटल स्पेस में सक्रिय ये युवा प्रतिनिधि अपनी कला, संवाद और सामग्री के माध्यम से समाज में धर्म और संस्कारों का प्रसार करने का बीड़ा उठाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने और अपनी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करने का संदेश दिया जाएगा।

भक्ति की शक्ति और नाम जप की महिमा से गूंजेगा बागेश्वर धाम

आयोजन के दौरान पूरा बागेश्वर धाम प्रांगण नाम जप और भक्ति रस की पवित्र तरंगों से सराबोर रहेगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर करोड़ों लोगों तक पहुँच रखने वाले ये सनातनी इन्फ्लुएंसर्स सनातन की सशक्त आवाज बनकर धर्म व संस्कृति के मूल संदेशों को हर घर तक पहुँचाने का दृढ़ संकल्प लेंगे।