सागर/शाहगढ़, पुष्पेन्द्र यादव। जिले के शाहगढ़ तहसील क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में पांच साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई है, जबकि उसकी मौसी और मामा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा छानबीला थाना क्षेत्र के अंतर्गत फोरलेन पर उस वक्त हुआ जब परिवार के लोग बाइक पर सवार होकर अबार माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। छानबीला थाने से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
दर्शन के लिए जाते समय हुआ काल का ग्रास
हादसे का शिकार हुए लोग बाइक से अबार माता के दर्शन करने निकल0 थे। रास्ते में छानबीला थाने के नजदीक फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय लक्ष्मी अहिरवार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग व पुलिस तुरंत मदद के लिए आगे आए।
पुलिस और एफआरवी टीम की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर शाहगढ़ एफआरवी-12 के स्टाफ आरक्षक विशाल प्रजापति और पायलट हरिराम आठिया ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में मृतका की मौसी सीमा अहिरवार जो कि कर्रापुर थाना बहेरिया की निवासी हैं और बाइक चला रहे उनके मामा रितिक अहिरवार घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
ट्रक जब्त कर पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही छानबीला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे हादसे की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि ट्रक चालक के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जा सकें।

















