देवास, हेमंत गुर्जर। जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे दो मजदूर अमर और गुड्डू ने अमलतास अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों करीब 99 प्रतिशत तक झुलसे हुए थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास पहुंचे और अमलतास अस्पताल सहित जिला चिकित्सालय में भर्ती घायलों का हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश देते हुए कहा कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन और अवैध संचालन की विस्तृत जांच की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इधर, पुलिस ने फैक्ट्री संचालक अनिल मालवीय सहित 4 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी अनिल मालवीय से लगातार पूछताछ की जा रही है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री का पटाखा लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है।
संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए अपर कलेक्टर अतेंद्र सिंह गुर्जर एवं औद्योगिक सुरक्षा अधिकारी नमिता तिवारी को नियुक्त किया गया है। अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विस्फोट, सुरक्षा नियमों और लाइसेंस संबंधी जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि कलमा वेयरहाउस में अनाज भंडारण की आड़ में बारूद और पटाखों का भंडारण किया जा रहा था। वहीं ग्राम पंचायत कलमा की सरपंच द्वारा पहले भी प्रशासन को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने के आरोप लग रहे हैं।



